नगला सिकन्दर–राजमल मार्ग पर यातायात सुविधा न होने से छात्र और ग्रामीण परेशान
कस्बा नगलाबीच के समीपवर्ती गांव नगला सिकन्दर से राजमल तक लगभग 12 किलोमीटर लंबे सम्पर्क मार्ग पर यातायात की समुचित सुविधा न होने से ग्रामीणों और छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। कस्बा नगलाबीच के समीपवर्ती गांव नगला सिकन्दर से राजमल तक लगभग 12 किलोमीटर लंबे सम्पर्क मार्ग पर यातायात की समुचित सुविधा न होने से ग्रामीणों और छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।इस मार्ग पर भोंडेला में एक राजकीय पॉलिटेक्निक विद्यालय, एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एक इंटर कॉलेज, एक जूनियर हाईस्कूल तथा एक प्राथमिक विद्यालय स्थित हैं।
इन शिक्षण संस्थानों में पढ़ने के लिए दूर-दराज से आने वाले कई छात्र नगला बीच में किराए पर कमरा लेकर रहते हैं।छात्रों का कहना है कि यातायात साधन न होने के कारण उन्हें प्रतिदिन लगभग 7 किलोमीटर पैदल चलकर कॉलेज और स्कूल पहुंचना पड़ता है। बरसात और सर्दी के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।जौनपुर निवासी पॉलिटेक्निक के छात्र शिवम ने बताया कि यदि इस मार्ग पर नियमित वाहन सुविधा उपलब्ध हो जाए।
तो छात्रों को सुबह जल्दी उठकर लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी।इससे समय और ऊर्जा की बचत होगी, जिसे वे अपने अध्ययन में लगा सकेंगे।ग्रामीणों का भी कहना है कि इस मार्ग पर सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था होने से न केवल छात्रों बल्कि मरीजों और आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से शीघ्र यातायात सुविधा शुरू कराने की मांग की है।

