50 लाख की जमीन का फर्जी बैनामा करने वाला आरोपी गिरफ्तार

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

थाना टूण्डला पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये की जमीन का फर्जी बैनामा कराने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। थाना टूण्डला पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये की जमीन का फर्जी बैनामा कराने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जमीन मालिक की जगह खुद का फोटो लगाकर और फर्जी हस्ताक्षर कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।क्षेत्राधिकारी टूण्डला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कुमर सैन उर्फ कमरूद्दीन निवासी विचपुरी, आगरा को एनएच-99 सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया।

आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामला 1 अगस्त 2025 का है, जब वादिनी की शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध गाटा संख्या 2314 व 2311 की जमीन का फर्जी विक्रय पत्र तैयार करने, धोखाधड़ी करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान कुमर सैन का नाम प्रकाश में आया था। इस प्रकरण में सहआरोपी रुपेश कुमार को 16 अगस्त 2025 को ही न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

संबंधित समाचार