सात हफ्तों की काउंसलिंग के बाद टूटा रिश्ता जुड़ा

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

थाना रामगढ़ स्थित परिवार परामर्श केंद्र की पहल से लंबे समय से अलग रह रहे दंपति ने मनमुटाव भुलाकर दोबारा साथ रहने का फैसला किया।

नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ स्थित परिवार परामर्श केंद्र की पहल से लंबे समय से अलग रह रहे दंपति ने मनमुटाव भुलाकर दोबारा साथ रहने का फैसला किया। अंतिम काउंसलिंग सत्र में समझाइश रंग लाई और परिवार फिर से बस गया। सर्किल नगर थाना रामगढ़ के परिवार परामर्श केंद्र में लगातार सात सप्ताह तक चली काउंसलिंग के बाद एक दंपति का बिखरता घर आखिरकार बच गया।

अंतिम अवसर पर हुई समझाइश और संवाद के जरिए पति-पत्नी ने आपसी मतभेद समाप्त कर दोबारा साथ रहने का निर्णय लिया।जानकारी के अनुसार, चार वर्ष पूर्व विवाह बंधन में बंधे दंपति के बीच पारिवारिक प्राथमिकताओं को लेकर तनाव बढ़ गया था। दोनों एक-दूसरे को पर्याप्त समय न दे पाने और परिवारों के हस्तक्षेप के कारण अलग रह रहे थे। पिछले दो माह से पत्नी मायके में रह रही थी।

उनके दो पुत्र हैं, जो अलग-अलग माता-पिता के साथ रह रहे थे, जिससे परिवार पर भावनात्मक असर पड़ रहा था। कई चरणों की काउंसलिंग के बाद भी समाधान नहीं निकल पाया था, लेकिन अंतिम सत्र में परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक अलवीना पठान और काउंसलर टीम के प्रयास सफल रहे।

समझौते के बाद दोनों ने एक-दूसरे को गुलाब भेंट कर पुराने शिकवे भुलाने और साथ मिलकर जीवन आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समझौते की इस सकारात्मक पहल से न केवल दोनों परिवारों में खुशी का माहौल रहा, बल्कि परामर्श केंद्र में मौजूद अन्य दंपतियों को भी प्रेरणा मिली।

Read More राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन की मासिक बैठक हुई आयोजित

संबंधित समाचार