कांवड़ यात्रा के दौरान बवाल, युवतियों से अभद्रता का आरोप
थाना पचोखरा क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। थाना पचोखरा क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। युवतियों से छींटाकशी और मारपीट के आरोप लगे हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है। फिरोजाबाद के पचोखरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर कांवड़ यात्रा के दौरान तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
पचोखरा निवासी आर्यन सोरों से कांवड़ लाकर अपने परिवार की महिलाओं व युवतियों के साथ नगला महादेव स्थित कंडेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि देवखेड़ा गांव के पास कुछ युवकों ने साथ चल रही युवतियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इस पर कहासुनी हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
बताया जाता है कि मंदिर से लौटते समय आरोपित पक्ष ने अपने साथियों के साथ दोबारा घेरकर हमला कर दिया। इस दौरान आर्यन के सिर में चोट आई, जबकि महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पचोखरा थानाध्यक्ष अमित तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है।

