आधार कार्ड के अभाव में परीक्षा से रोके गए छात्र
बुधवार को छात्र ऋषभ यादव व अन्य छात्र-छात्राएं एक साथ तहसील पहुंचे और उप जिलाधिकारी टूंडला को प्रार्थनापत्र सौंपकर अवगत कराया।
नेशनल एक्सप्रेस, टूंडला। बुधवार को छात्र ऋषभ यादव व अन्य छात्र-छात्राएं एक साथ तहसील पहुंचे और उप जिलाधिकारी टूंडला को प्रार्थनापत्र सौंपकर अवगत कराया कि 17 फरवरी को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय ओ0ई0एफ0 हजरतपुर में कथित रूप से बिना आधार कार्ड के कुछ विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। जिसके चलते हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा छूट गई।
छात्रों का आरोप है कि समय से विद्यालय पहुंचने के बावजूद आधार कार्ड न होने के कारण उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया गया।इससे उनका एक वर्ष खराब होने की आशंका है।विद्यार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि गणित विषय की पुनः परीक्षा आयोजित कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।
उप जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देने वाले में आयुष जैन, शिवम राठौर, आदित्य यादव, छवि गुप्ता, उमाकांत राजपूत, हर्ष रावत, विमल राठौर, नितेश माथुर, विष्णु सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी ने छात्रों की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

