कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसे में आरोपी शिवम मिश्रा से और पूछताछ की कोई आवश्यकता नहीं : पुलिस

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

कानपुर में वीआईपी रोड पर लैंबोर्गिनी कार दुर्घटना की जांच कर रही पुलिस ने कहा कि आरोपी शिवम मिश्रा से आगे की पूछताछ की कोई आवश्यकता नहीं है।

कानपुर (उप्र), भाषा। कानपुर में वीआईपी रोड पर लैंबोर्गिनी कार दुर्घटना की जांच कर रही पुलिस ने कहा कि आरोपी शिवम मिश्रा से आगे की पूछताछ की कोई आवश्यकता नहीं है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।घटना के जांच अधिकारी और कार्यवाहक प्रभारी दिनेश कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मिश्रा की गिरफ्तारी के समय बृहस्पतिवार को ही आवश्यक पूछताछ कर ली गई थी। उसे दोबारा बुलाने की कोई जरूरत नहीं है।’’

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मिश्रा को बृहस्पतिवार सुबह 8:50 बजे गिरफ्तार किया गया और लगभग 70 मिनट के भीतर संबंधित अदालत में पेश कर दिया गया।एक अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि इतने कम समय में गिरफ्तारी की औपचारिकताएं, पूछताछ और अदालत में पेशी कैसे पूरी हुई, इस पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए हैं।

घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर जांच अधिकारी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।दिनेश कुमार ने बताया कि मिश्रा ने लैम्बोर्गिनी स्पोर्ट्स कार से संबंधित दस्तावेज जमा कर दिए हैं तथा उसकी ओर से कोई और कागजी कार्रवाई लंबित नहीं है।उन्होंने कहा, ‘‘जांच जारी है। सबूत जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही संबंधित अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।’’

स्थानीय तंबाकू व्यापारी के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को इस सप्ताह की शुरुआत में हुए उस हादसे के सिलसिले में गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद बृहस्पतिवार को कानपुर की एक अदालत ने जमानत दे दी, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे।अदालत ने निर्देश दिया था कि उसे जांच में सहयोग करना होगा और निर्धारित तारीखों पर पेश होना होगा।

Read More शिकोहाबाद के सेंट के.एस. पब्लिक स्कूल में द्वितीय वार्षिकोत्सव धूमधाम से आयोजित