पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, कांग्रेसी नेता फहीम चौधरी छोड़ी पार्टी
पंचायत चुनाव और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुरादाबाद कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है।
नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद (फहीम अंसारी)। पंचायत चुनाव और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुरादाबाद कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस संगठन में उस समय हलचल मच गई जब मुरादाबाद के वरिष्ठ एवं साफ-सुथरी छवि वाले नेता फहीम चौधरी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को संबोधित करते हुए 24, अकबर रोड, नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में प्रेषित किया।

फहीम चौधरी, जो पूर्व में एआईसीसी (AICC) सदस्य रहने के साथ-साथ जिला कांग्रेस कमेटी मुरादाबाद के पूर्व जिला महासचिव समेत विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं, अपने पत्र में लिखा है कि वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र दे रहे हैं। उन्होंने विनम्र शब्दों में अनुरोध किया है कि उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए। त्यागपत्र की प्रतिलिपि प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी लखनऊ तथा जिला अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी मुरादाबाद को भी प्रेषित की गई है।
फहीम चौधरी को संगठन में एक ईमानदार, कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है। लंबे समय तक उन्होंने कांग्रेस विचारधारा के प्रति निष्ठा रखते हुए संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। राजनीतिक हलकों में उन्हें साफ छवि, सादगी और ज़मीनी जुड़ाव वाले नेता के रूप में सम्मान मिला है। उनके इस फैसले को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में इस निर्णय को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल उनके अगले कदम को लेकर अटकलों का दौर जारी है। फहीम चौधरी के इस्तीफे ने कांग्रेस संगठन में नई बहस को जन्म दे दिया है। चौधरी के त्यागपत्र के बाद मुरादाबाद जिलाध्यक्ष विनोद गुम्बर ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही हैं,उनसे जल्दी ही मिल कर बात करूंगा।

