मोदी ने ई-बस सेवा योजना के तहत चंडीगढ़ के लिए 25 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखायी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत चंडीगढ़ के लिए 25 इलेक्ट्रिक बसों को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
चंडीगढ़, भाषा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत चंडीगढ़ के लिए 25 इलेक्ट्रिक बसों को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मोदी कई अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए गुवाहाटी में थे और उन्होंने केंद्र सरकार के हरित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के अभियान के तहत बसों को वहीं से डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखायी।
इस कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, महापौर सौरभ जोशी, मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।आधिकारिक बयान के अनुसार, केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत चंडीगढ़ के लिए 428 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी है।
इसके अनुसार पहली खेप की 100 बसों के लिए कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड ने ई-टेंडर आमंत्रित किए थे और चंडीगढ़ प्रशासन ने सबसे कम बोली लगाने वाले के साथ समझौता किया।बयान के अनुसार इस योजना के तहत, बसों की खरीद, रखरखाव और संचालन ऑपरेटर द्वारा किया जाता है, जबकि किराया विभाग द्वारा एकत्र किया जाता है।
बयान के अनुसार वर्तमान में, चंडीगढ़ में 80 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं और 25 और बसों के शामिल होने से इनकी कुल संख्या 105 हो गई है।बयान के अनुसार पहली खेप की शेष 75 बसों की आपूर्ति के बाद, अप्रैल या मई 2026 तक शहर में इलेक्ट्रिक बस की संख्या 180 हो जाएगी। नयी शामिल की गई 12 मीटर लंबी, कम ऊंचाई वाली, वातानुकूलित बसें एक बार चार्ज करने पर 224 किलोमीटर तक चल सकती हैं।
बयान के अनुसार इन बसों में 400 मिलीमीटर का कम ऊंचाई वाला फर्श है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और महिलाओं को विशेष रूप से आसानी से चढ़ने में सुविधा होती है। बयान में कहा गया है कि एक बस में ड्राइवर और व्हीलचेयर जगह के अलावा 36 यात्रियों के बैठने की क्षमता है और 20 यात्रियों के खड़े होने की क्षमता है।

