चलती मैजिक बनी आग का गोला, चालक की सूझबूझ से 15 यात्री सुरक्षित

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

मक्खनपुर थाना क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज पर शुक्रवार दोपहर शिकोहाबाद से आगरा जा रही एक मैजिक वाहन में अचानक आग लग गई।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। मक्खनपुर थाना क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज पर शुक्रवार दोपहर शिकोहाबाद से आगरा जा रही एक मैजिक वाहन में अचानक आग लग गई। चालक की सतर्कता से सभी 15 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया और करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

शुक्रवार दोपहर लगभग 2:30 बजे मक्खनपुर थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शिकोहाबाद से आगरा की ओर जा रही एक मैजिक वाहन (यूपी 83 एटी 0963) से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते वाहन में आग भड़क गई और कुछ ही मिनटों में वह आग का गोला बन गया। वाहन चालक शब्बीर खान, निवासी काशीराम कॉलोनी शिकोहाबाद, ने सूझबूझ का परिचय देते हुए।

तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और उसमें सवार सभी 15 यात्रियों को सुरक्षित बाहर उतार लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक की तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा वाहन जलकर राख हो गया। घटना के चलते आगरा की ओर जाने वाले हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में स्थिति सामान्य हो सकी। स्थानीय लोगों के मुताबिक वाहन डग्गेमार के रूप में संचालित किया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि वाहन का मालिक शिकोहाबाद निवासी मारूक मिस्त्री है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय नागरिकों ने भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए हाईवे पर अवैध और फिटनेसहीन वाहनों की नियमित जांच की मांग की है।

Read More रिटायर्ड फौजी से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर ठगी, बेटे को बचाने के झांसे में 2 लाख ट्रांसफर

संबंधित समाचार