डांस को लेकर बवाल, शादी समारोह बना रणक्षेत्र
राजा का ताल स्थित एक मैरिज होम में शादी समारोह के दौरान डांस को लेकर घराती और बराती पक्ष में जमकर मारपीट हो गई। नशे में धुत युवकों के हंगामे से अफरा-तफरी मच गई।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। राजा का ताल स्थित एक मैरिज होम में शादी समारोह के दौरान डांस को लेकर घराती और बराती पक्ष में जमकर मारपीट हो गई। नशे में धुत युवकों के हंगामे से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस हस्तक्षेप के बाद हालात काबू में आए और सुबह विदाई कराई गई। फिरोजाबाद के टूंडला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक शादी समारोह अचानक जंग के मैदान में तब्दील हो गया। मामला राजा का ताल स्थित बीएस पैलेस मैरिज होम का है, जहां डांस कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
राजा का ताल निवासी विजय दिवाकर की बेटी राखी की शादी टूंडला निवासी अनिल कुमार से हो रही थी। रात करीब 10 बजे बारात पहुंची। मेहमानों के मनोरंजन के लिए मंच पर धार्मिक नृत्य कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान बारात में शामिल कुछ युवक नशे की हालत में मंच के पास पहुंच गए और कलाकारों के साथ जबरन डांस करने की कोशिश करने लगे। मंच से हटाए जाने पर युवकों ने नाराज होकर हंगामा शुरू कर दिया। कुर्सियां फेंकी गईं, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
हालात इतने बिगड़े कि सब्जियों से भरी बाल्टियां और यहां तक कि पूड़ी की कड़ाही से गर्म तेल तक फेंक दिया गया। महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई और कई मेहमान जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। करीब दो घंटे तक चले बवाल के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजा गया और माहौल शांत कराया गया। तनाव के बीच बची हुई शादी की रस्में सादगी से पूरी कराई गईं और सुबह दुल्हन की विदाई कर दी गई। घटना के बाद दोनों पक्षों में खासी नाराजगी देखी गई।

