होली व रमजान को लेकर प्रशासन सतर्क, शांति बनाए रखने की अपील की !
होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने धर्मगुरुओं, व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर सहयोग व आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया।
नेशनल एक्सप्रेस, जनपद। होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने धर्मगुरुओं, व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर सहयोग व आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया।जनपद फिरोजाबाद में आगामी होली एवं रमजान के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, होली सुरक्षा समिति के प्रतिनिधियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों तथा अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए मनाए जाएं।
उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। धर्मगुरुओं से अपने-अपने समुदाय में शांति, संयम और सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित करने का आग्रह किया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कीजाएगी।

