गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: बृजेश पाठक

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के लोगों को गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नोएडा(उप्र), भाषा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के लोगों को गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पाठक ने निर्देश दिया कि चिकित्सालयों में अवसंरचना और मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर किया जाए और मरीजों के तीमारदारों के लिए रैन बसेरा की व्यवस्था की जाए। वह शुक्रवार को जनपद गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में मेरठ, मुरादाबाद एवं सहारनपुर मंडलों के विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि चिकित्सालयों में अवसंरचना, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल आदि मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्तापरक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चिकित्सा इकाइयों में औषधियों एवं मानकानुसार उपकरणों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने सभी जनपदीय चिकित्सालयों में एमआरआई एवं आईसीयू की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनपदों में ‘हेल्थ एटीएम’ की व्यवस्था व क्रियाशीलता, चिकित्सालयों में अग्नि शमन की व्यवस्था तथा ‘फायर ऑडिट’ कराना भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपदों में सीटी स्कैन एवं डायलिसिस की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए जाए। पाठक ने उपलब्ध एम्बुलेंस की कियाशीलता को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में समस्त स्टाफ का वर्दी में होना अनिवार्य है। आरोग्य मेलों के लगातार आयोजन एवं अन्य विभिन्न चिकित्सकीय मुद्दों पर पाठक ने अधीनस्थों को निर्देशित किया।

बैठक में अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष समेत कई उच्च स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। पाठक ने बताया कि प्रदेश में एक नवीन पहल के तहत चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 29 अक्टूबर, 2025 से पर्यवेक्षण एवं मंडलीय समीक्षा आरंभ की गई थी। उन्होंने कहा कि अब तक कुल आठ मंडलों (कानपुर, अयोध्या, देवीपाटन, प्रयागराज, लखनऊ, बरेली, आगरा एवं अलीगढ़) में स्थलीय पर्यवेक्षण एवं समीक्षा का आयोजन किया जा चुका है।

Read More लूट के दो आरोपी मोबाइल, बाइक और तमंचे सहित गिरफ्तार