महाराष्ट्र : विमान परिचारिका पिंकी माली के पिता ने बारामती विमान दुर्घटना की जांच की मांग की

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

महाराष्ट्र में बारामती विमान हादसे में जान गंवाने वाली विमान परिचारिका पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली ने भी दुर्घटना की गहन स्तर पर जांच की मांग की है।

मुंबई, भाषा। महाराष्ट्र में बारामती विमान हादसे में जान गंवाने वाली विमान परिचारिका पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली ने भी दुर्घटना की गहन स्तर पर जांच की मांग की है। इससे एक दिन पहले, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पिछले माह हुए उस विमान हादसे में साजिश का संदेह है जिसमें उनके चाचा एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गयी थी। उन्होंने विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा इस हादसे की विस्तृत जांच की मांग भी की।

शिवकुमार माली ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि रोहित पवार द्वारा मंगलवार को दी गई प्रस्तुति के मद्देनजर, आशंका है कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि साजिश थी। पुणे जिले के बारामती में हवाई पट्टी के पास 28 जनवरी को लियरजेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार, पिंकी माली के अलावा तीन अन्य लोगों की मौत हो गई थी। शिवकुमार माली ने कहा, ‘‘चाहे यह दुर्घटना हो या साजिश, सरकार को दोनों पहलुओं की जांच करनी चाहिए।

सच्चाई सामने आनी चाहिए, और मेरे मन में उठ रहे सवालों और शंकाओं के जवाब मिलने चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को न्याय मिलना चाहिए। रोहित पवार ने एक संवददाता सम्मेलन के दौरान विमान की कमान संभाल रहे कैप्टन सुमित कपूर के पिछले रिकॉर्ड पर सवाल उठाया और अतीत में शराब के सेवन के लिए उनके तीन साल के निलंबन का हवाला भी दिया।

संबंधित समाचार