डीआरएम ने किया टूंडला–इटावा रेलखंड का विंडो निरीक्षण
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने बुधवार को टूंडला रेलवे स्टेशन पहुंचकर अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ विंडो निरीक्षण किया।
नेशनल एक्सप्रेस, टूण्डला (रामपाल चौधरी)। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने टूंडला से इटावा तक विंडो निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने बुधवार को टूंडला रेलवे स्टेशन पहुंचकर अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ विंडो निरीक्षण किया।
सुबह करीब 10:30 बजे टूंडला से रवाना होकर उन्होंने परख, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद होते हुए इटावा तक रेलखंड का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीआरएम शाम करीब साढ़े चार बजे पुनः टूंडला लौटे और एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए। निरीक्षण के समय डिप्टी सीटीएम अमित आनंद, सीनियर डीईएन अंकित गुप्ता, वरिष्ठ खंड अभियंता अब्दुल्ला शफीक, सीएमआई मनोज कुमार, एसएसई विद्युत हरपाल सिंह सहित अन्य रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।

