गैंगस्टर की 13.39 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त भीमसेन की 13,39,070 रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त कर ली। कार्रवाई धारा 14(1) के अंतर्गत की गई।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद (रामपाल चौधरी)। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त भीमसेन की 13,39,070 रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त कर ली। कार्रवाई धारा 14(1) के अंतर्गत की गई। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में थाना रसूलपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अभियुक्त भीमसेन पुत्र मान सिंह की संपत्ति कुर्क कर ली।
यह कार्रवाई धारा 14(1) गिरोहबंद एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 के तहत की गई। पुलिस के अनुसार अभियुक्त द्वारा आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदी गई संपत्तियों को चिन्हित कर राजस्व टीम की मौजूदगी में जब्तीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। कुर्क की गई संपत्तियों में आगरा जनपद के एत्मादपुर क्षेत्र में स्थित 50.166 वर्गमीटर का एक आवासीय मकान, जिसकी कीमत 9,73,220 रुपये आंकी गई है,
मौजा अहारत में स्थित 0.0813 हेक्टेयर संक्रमणीय भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत 3,65,850 रुपये है, शामिल हैं। पुलिस अभिलेखों के मुताबिक अभियुक्त के विरुद्ध जुआ अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के तहत विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

