बिहार के गोपालगंज में निर्माणाधीन पुल का हिस्सा ढहा, तीन इंजीनियर निलंबित

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

बिहार के गोपालगंज जिले में घोघरी नदी पर निर्माणाधीन एक छोटे पुल का हिस्सा ढह जाने के बाद राज्य सरकार ने तीन अभियंताओं को निलंबित किया है और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

गोपालगंज, भाषा। बिहार के गोपालगंज जिले में घोघरी नदी पर निर्माणाधीन एक छोटे पुल का हिस्सा ढह जाने के बाद राज्य सरकार ने तीन अभियंताओं को निलंबित किया है और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना 28 फरवरी को हुई थी। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) द्वारा 2.87 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जा रहा यह पुल छह मार्च तक पूरा किया जाना निर्धारित था।

पुल का हिस्सा ढहने के बाद आरडब्ल्यूडी ने कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और एक कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया है। निर्माण कार्य के लिए जिम्मेदार ठेकेदार को काली सूची में डालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने सोमवार को घटनास्थल का दौरा किया और आरडब्ल्यूडी के अभियंताओं के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया।

जिलाधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “प्रारंभिक जांच में अभियंताओं की ओर से घोर लापरवाही सामने आई है। यह भी पाया गया है कि ठेकेदार ने पुल निर्माण में गुणवत्ता प्रबंधन से संबंधित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया।” उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के दौरान बिहार के विभिन्न जिलों में बड़े और छोटे मिलाकर एक दर्जन से अधिक पुल ढहने की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे राज्य में निर्माण मानकों को लेकर चिंता बनी हुई है।