ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान चार से पांच सप्ताह या उससे भी आगे जारी रहने की संभावना: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खिलाफ चार से पांच सप्ताह तक सैन्य अभियान जारी रह सकता है, लेकिन वह ‘‘इससे ज्यादा समय तक के लिए भी’’ तैयार हैं।
वाशिंगटन, भाषा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खिलाफ चार से पांच सप्ताह तक सैन्य अभियान जारी रह सकता है, लेकिन वह ‘‘इससे ज्यादा समय तक के लिए भी’’ तैयार हैं। उन्होंने सोमवार को व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के ताजा हमलों के बाद सोमवार को पश्चिम एशिया में युद्ध ने व्यापक रूप ले लिया।
इसके बाद, ईरान और उसके सहयोगी देशों ने इजराइल, खाड़ी देशों और तेल-गैस उत्पादन वाले स्थानों पर हमला किया। हमले बढ़ना, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का मारा जाना, और किसी भी स्पष्ट योजना का न होना इस बात का संकेत है कि यह लड़ाई लंबे समय तक जारी रह सकती है तथा इसके व्यापक परिणाम हो सकते हैं।

