पश्चिम एशिया में उथल-पुथल: भारतीय एयरलाइंस ने सोमवार को 357 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कीं

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण परिचालन में व्यवधान तीसरे दिन भी जारी रहने को लेकर भारतीय विमानन कंपनियों ने सोमवार को 357 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन रद्द कर दिया।

नयी दिल्ली/मुंबई, भाषा। पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण परिचालन में व्यवधान तीसरे दिन भी जारी रहने को लेकर भारतीय विमानन कंपनियों ने सोमवार को 357 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन रद्द कर दिया। अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोमवार को देश के चार मुख्य हवाई अड्डों - दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई - पर आगमन और प्रस्थान सहित 300 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के मद्देनजर पश्चिम एशिया क्षेत्र के कई हवाई क्षेत्र बंद रहे। नागर विमानन मंत्रालय ने सोमवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए पश्चिम एशिया क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौजूदा स्थिति के कारण आज संचालित होने वाली 357 उड़ानें रद्द कर दी गईं।”

भारतीय एयरलाइंस ने 28 फरवरी से शुरूआती तीन दिनों में, संघर्ष के कारण विभिन्न गंतव्यों के लिए 1,117 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं। अधिकारियों और वेबसाइटों व अन्य स्रोतों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को इंडिगो ने 163 से अधिक उड़ानें रद्द कीं, जबकि एअर इंडिया समूह (एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस) ने 110 से अधिक उड़ानें रद्द कीं। स्पाइसजेट ने कम से कम 20 उड़ानें रद्द कीं, जबकि अकासा एयर ने आठ उड़ानें संचालित नहीं कीं। एअर इंडिया ने सोमवार को उत्तरी अमेरिका और यूरोप के लिए लगभग 20 उड़ानें संचालित कीं। यूरोप में प्रवेश करने से पहले इन उड़ानों ने ओमान, सऊदी अरब और मिस्र के ऊपर से होते हुए लंबा मार्ग अपनाया।

इस बीच, मुंबई और दिल्ली हवाई अड्डों पर दिन भर में क्रमशः 116 और 87 उड़ानें रद्द हुईं। बेंगलुरु और चेन्नई हवाई अड्डों पर क्रमशः 72 और 28 उड़ानें रद्द हुईं। दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक डीआईएएल ने सोमवार को कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी या समय-सारणी में बदलाव हो रहा है। मंत्रालय ने सोमवार को यह भी कहा कि एयरलाइंस और संबंधित हितधारकों के समन्वय से ‘एयरसेवा’, सोशल मीडिया मंच और विशेष हेल्पलाइन के माध्यम से कुल 559 यात्रियों की शिकायतों का समाधान किया गया है।

मंगलवार को भी कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एअर इंडिया ने कहा कि उसने पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों का निलंबन 3 मार्च तक बढ़ा दिया है, जबकि अमेरिका, कनाडा, यूरोप और ब्रिटेन के लिए उसकी निर्धारित उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं। एअर इंडिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पश्चिम एशिया के ऊपर कई हवाई क्षेत्रों के लगातार बंद होने के मद्देनजर, एअर इंडिया ने इस क्षेत्र से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों का अस्थायी निलंबन 3 मार्च 2026 को रात 23:59 बजे तक बढ़ा दिया है।’’

Read More गोवा : आपात स्थिति में जल्द सहायता पहुंचाने के लिए समुद्र तट पर तैनात होंगे ‘सीहॉर्स’

‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, अकासा एयर ने कहा कि अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद से आने-जाने वाली उसकी उड़ानें मंगलवार को निलंबित रहेंगी। इंडिगो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारी निरंतर एहतियाती रणनीति के तहत, पश्चिम एशियाई हवाई क्षेत्र के कुछ हिस्सों से होकर गुजरने वाली चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का अस्थायी निलंबन बढ़ा दिया गया है।” इस बीच, बेंगलुरु में अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 72 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।

Read More महाराष्ट्र: कांग्रेस नेताओं ने प्रवक्ता पर हमले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

संबंधित समाचार