पुरी के जगन्नाथ मंदिर के पास श्रद्धालुओं के बीच फैली अफरा-तफरी, कोई घायल नहीं
ओडिशा के पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के पास मंगलवार को 'डोला पूर्णिमा' के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी फैलने के कारण कुछ समय के लिए हल्का तनाव फैल गया।
पुरी, भाषा। ओडिशा के पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के पास मंगलवार को 'डोला पूर्णिमा' के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी फैलने के कारण कुछ समय के लिए हल्का तनाव फैल गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है और स्थिति को तुरंत नियंत्रण में कर लिया गया। पुरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रतीक सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “एक महिला श्रद्धालु अपनी पोशाक के कारण गिर गई। महिला पुलिसकर्मियों ने उसकी सहायता की और वह बिना किसी चोट के वापस खड़ी हो गई।”
मंगलवार को 'डोला पूर्णिमा' के अवसर पर मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जमा हुए थे। कुछ सौ लोग उस ओर उमड़े जहां एक पंडाल पर देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित थीं। फलस्वरूप कुछ देर के लिए भीड़भाड़ हो गई। पुलिस ने बताया कि कुछ ही मिनटों में भीड़ छंट गई और स्थिति सामान्य हो गई।

