नगर निगम का कुर्की अभियान तेज, बकाया गृहकर-जलकर पर कई दुकानों पर चली सीलिंग कार्रवाई
शासन द्वारा निर्धारित ₹70 करोड़ के वसूली लक्ष्य को पूरा करने के लिए नगर निगम ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में कुर्की अभियान चलाया।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। शासन द्वारा निर्धारित ₹70 करोड़ के वसूली लक्ष्य को पूरा करने के लिए नगर निगम ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में कुर्की अभियान चलाया। इस दौरान नगर निगम सीमांतर्गत मोहल्ला किशन नगर, संतोष नगर, पुरुषोत्तम नगर, नगला करन सिंह और इंदिरा कॉलोनी में बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान किशन नगर, पुरुषोत्तम नगर, नगला करन सिंह और इंदिरा कॉलोनी में कई दुकानों को सील किया गया।
किशन नगर में कुल 10 दुकानों को सील किया गया था, जिनमें से तीन दुकानदारों ने तुरंत ₹70 हजार जमा कर दिए, जिसके बाद उनकी दुकानों की सील खोल दी गई। अन्य दुकानदारों द्वारा भी बकाया गृहकर और जलकर जमा करने पर सील खोलने की कार्रवाई की जाएगी।इसके अलावा अन्य मोहल्लों के कुछ दुकानदारों ने लगभग ₹60 हजार का भुगतान कर दिया, जिसके बाद उनके खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई रोक दी गई।
नगर निगम ने क्षेत्र के सभी बड़े बकायेदारों से अपील की है कि वे अपने बकाया गृहकर और जलकर का जल्द भुगतान करें, ताकि अनावश्यक ब्याज और कुर्की-नीलामी जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।नगर निगम के अनुसार, शुक्रवार को गंज मोहल्ला, शेख लतीफ, राजपूताना और बगिया सहित अन्य क्षेत्रों में बकाया जमा न करने वाले बकायेदारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।आज की कार्रवाई के दौरान कर अधीक्षक सुदेश यादव, कर संग्रहकर्ता अरविंद कुमार, ईटीएफ टीम और कर विभाग के अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

