कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्तरां में गोलीबारी में शामिल गैंगस्टर गिरफ्तार

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

दिल्ली पुलिस ने हास्य कलाकार कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्तरां पर सात अगस्त को हुई गोलीबारी में कथित रूप से शामिल एक संदिग्ध गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, भाषा। दिल्ली पुलिस ने हास्य कलाकार कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्तरां पर सात अगस्त को हुई गोलीबारी में कथित रूप से शामिल एक संदिग्ध गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी बंधु मान सिंह ने कथित तौर पर घटना में शामिल शूटरों को गोलीबारी के लिए साजो-सामान मुहैया कराया था। उसे पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच से पता चला कि सिंह ने गोलीबारी के बाद एक कार उपलब्ध कराकर तथा उसके लिए सुरक्षित पार्किंग स्थल की व्यवस्था करके हमलावरों की मदद की थी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी बंधु मान सिंह कनाडा स्थित गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों का करीबी सहयोगी है और माना जाता है कि ढिल्लों विदेशों में व्यापारियों और हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों को निशाना बनाकर वसूली करने वाले कई गिरोहों में शामिल है।

जांचकर्ताओं के अनुसार सिंह, ढिल्लों से जुड़े कई लोगों के साथ मिलकर लोकप्रिय कलाकार को डराने-धमकाने के लिए उसके रेस्तरां को निशाना बनाने की व्यापक साजिश का हिस्सा था। अधिकारी ने बताया, "जांच के दौरान हमें पता चला कि सिंह के खिलाफ कनाडा में मामला दर्ज होने के बाद वह वहां से भाग गया था। हम उसके यात्रा मार्ग की पड़ताल कर रहे हैं।"उन्होंने बताया कि पुलिस को सिंह के लुधियाना में छिपे होने की सूचना मिली थी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘उसके पास से कारतूस सहित एक चीनी पिस्तौल बरामद की गई है। साजिश में उसकी भूमिका और विदेशी गुर्गों के साथ उसके संबंधों की जांच की जा रही है।’’अधिकारियों ने बताया कि अन्य षड्यंत्रकारियों की पहचान करने तथा भारत और विदेशों में गिरोह की गतिविधियों का पता लगाने के लिए भी जांच जारी है।

Read More हरियाणा कांग्रेस का विधानसभा तक प्रदर्शन मार्च, कानून-व्यवस्था और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

संबंधित समाचार