आपदा राहत पर चर्चा के दौरान भाजपा ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा से बहिर्गमन किया
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में आपदा राहत पर चर्चा के दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के जवाब से असंतुष्ट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को तीखी बहस के बाद सदन से बहिर्गमन किया।
धर्मशाला/शिमला, भाषा। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में आपदा राहत पर चर्चा के दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के जवाब से असंतुष्ट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को तीखी बहस के बाद सदन से बहिर्गमन किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा सदस्यों के आचरण की आलोचना की और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से इस पर संज्ञान लेने काआग्रह किया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मंत्री के खिलाफ विपक्षी सदस्यों की कुछ टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही से हटाने का भी आग्रह किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रस्ताव के अभाव में वह इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं दे सकते। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। आपदा राहत पर चर्चा के दौरान, नेगी ने बताया कि इस साल मानसून के दौरान राज्य में अचानक आई बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं के दौरान लापता हुए लोगों को मृत घोषित करने के लिए भारत के महापंजीयक को एक आवेदन भेजा गया है। उन्होंने बताया कि महापंजीयक की स्वीकृति के बाद प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा।

