कैमरून में झारखंड के पांच प्रवासी मजदूरों ने स्वदेश वापसी की गुहार लगायी
कैमरून की एक कंपनी में काम करने वाले झारखंड के पांच प्रवासी श्रमिकों ने कई महीनों से वेतन न मिलने का दावा किया है और उन्होंने राज्य सरकार से उनकी वापसी में मदद करने का अनुरोध किया है।
रांची, भाषा। कैमरून की एक कंपनी में काम करने वाले झारखंड के पांच प्रवासी श्रमिकों ने कई महीनों से वेतन न मिलने का दावा किया है और उन्होंने राज्य सरकार से उनकी वापसी में मदद करने का अनुरोध किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रवासी श्रमिकों ने अपनी वतन वापसी की गुहार लगाते हुए एक वीडियो सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली के साथ साझा किया था, जिन्होंने शनिवार को सरकार के समक्ष यह मामला उठाया।
झारखंड के श्रम विभाग के तहत काम करने वाले राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष की टीम प्रमुख शिखा लाकड़ा ने कहा, ‘‘हमने पांच प्रवासियों के दस्तावेज मांगे हैं और उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था करने के लिए कैमरून स्थित भारतीय दूतावास के साथ इस मुद्दे को उठा रहे हैं।’’ \\उन्हें मध्य अफ्रीकी देश में बिजली ट्रांसमिशन लाइनें बिछाने के लिए मुंबई स्थित एक बहुराष्ट्रीय निजी कंपनी द्वारा काम पर रखा गया था। प्रवासी श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं दिया गया है।

