बेंगलुरु: हवाई अड्डे पर दक्षिण कोरिया की महिला का यौन उत्पीड़न, कर्मचारी गिरफ्तार

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान दक्षिण कोरिया की एक महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किये जाने का मामला सामने आया है।

बेंगलुरु, भाषा। कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान दक्षिण कोरिया की एक महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक निजी एयरलाइन के संविदा कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहम्मद अफान अहमद (25) के रूप में हुई है।

यह घटना 19 जनवरी को टर्मिनल-2 में उस समय हुई, जब महिला दक्षिण कोरिया जाने के लिए आव्रजन प्रक्रिया पूरी कर रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला के बैग से बीप की आवाज आने का दावा करते हुए नियमित जांच के बहाने उसे पुरुषों के शौचालय के पास एक स्थान पर ले गया जहां अन्य लोग नहीं थे। आरोप है कि तलाशी के नाम पर उसने महिला को कई बार अनुचित तरीके से स्पर्श किया और गले लगाया।

शिकायत में कहा गया है कि महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला ने तुरंत हवाई अड्डा के सुरक्षा कर्मियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

संबंधित समाचार