गुवाहाटी केंद्रीय जेल में कैदियों को मादक पदार्थ पहुंचाने के आरोप में दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार
असम पुलिस ने गुवाहाटी सेंट्रल जेल के कैदियों को मादक पदार्थ और शराब की आपूर्ति करने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को बुधवार को गिरफ्तार किया। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
गुवाहाटी, भाषा। असम पुलिस ने गुवाहाटी सेंट्रल जेल के कैदियों को मादक पदार्थ और शराब की आपूर्ति करने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को बुधवार को गिरफ्तार किया। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि जेल के भीतर मादक पदार्थों और शराब की आसान उपलब्धता को लेकर कुछ दिन पहले एक शिकायत मिली थी जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।
उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "जांच में दो पुलिसकर्मियों की संलिप्तता पाए जाने के बाद उन्हें आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।" अधिकारी ने बताया कि उक्त दोनों कर्मी चौथी असम पुलिस बटालियन के जवान हैं और वे गुवाहाटी केंद्रीय जेल में तैनात थे। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार जवानों पर पैसों के बदले कैदियों को प्रतिबंधित पदार्थ मुहैया कराने का आरोप है। अधिकारी ने कहा कि इस नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

