उत्तर भारत भयंकर ठंड की चपेट में रहा, जम्मू कश्मीर में पारा हिमांक के नीचे लुढ़का

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

उत्तर भारत शनिवार को भयंकर ठंड की चपेट में रहा तथा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पारा हिमांक बिंदु से नीचे चला गया।

नयी दिल्ली, भाषा। उत्तर भारत शनिवार को भयंकर ठंड की चपेट में रहा तथा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पारा हिमांक बिंदु से नीचे चला गया। मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड का प्रकोप रहा और सुबह के शुरुआती घंटों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि चार से सात जनवरी तक राष्ट्रीय राजधानी में अलग-थलग स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है। विभाग ने रविवार को यहां घना कोहरा छाये रहने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। जब न्यूनतम तापमान मौसमी औसत से 4.5 से 6.5 डिग्री नीचे गिर जाता है, तब शीतलहर घोषित की जाती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 1.2 डिग्री अधिक था। यहां अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था।

यहां आयानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर सबसे अधिक अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। सफदरजंग में सुबह लगभग नौ बजे सबसे कम दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई, जो बाद में सुधरकर 1,200 मीटर हो गई। पश्चिमी हिमालय पर्वतमाला के कई स्थानों पर पारा हिमांक बिंदु से नीचे गिर गया। आईएमडी ने बताया कि कुछ दिनों की राहत के बाद कश्मीर में ठंड फिर लौट आई है और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 0.1 डिग्री सेल्सियस से कम है।

उत्तरी कश्मीर का मशहूर स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया। दक्षिणी कश्मीर के पर्यटक रिसॉर्ट पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में पारा शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। यह क्षेत्र अभी ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर में है, जो 40 दिनों की अत्यधिक ठंड की अवधि होती है। इस दौरान रात का तापमान अक्सर शून्य से कई डिग्री नीचे चला जाता है। हिमाचल प्रदेश के सिलसिले में मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले हफ्ते सात जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाये रहने की आशंका जताते हुए शनिवार को ‘येलो वार्निंग’ जारी की। मौसम विभाग ने चार से सात जनवरी तक सुबह के दौरान ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में छिटपुट स्थानों पर घना कोहरा छाये रहने की ‘येलो वार्निंग’ जारी की।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री नीचे और कल्पा में शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया कि किन्नौर और लाहौल एवं स्पीति जिलों में छह जनवरी को छिटपुट स्थानों पर हल्की बर्फबारी होगी। मनाली, नारकंडा, पालमपुर, कुफरी, धर्मशाला और शिमला जैसे पर्यटन स्थलों पर न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.2 डिग्री सेल्सियस, 0.4 डिग्री, 1.0 डिग्री, 2.7 डिग्री, 4.2 डिग्री और 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि उत्तराखंड में हिमालय की तलहटी में कुछ समय तक कोहरा बना रह सकता है। उसने यह भी कहा है कि दिन के कम तापमान के कारण कुछ क्षेत्रों में ठंड का मौसम रह सकता है।

Read More पंजाब में मुफ्त स्वास्थ्य योजना 15 जनवरी से शुरू होगी

अधिकारियों ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों तक ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार जिलों के मैदानी इलाकों के साथ-साथ देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जिलों के निचले इलाकों में भी कोहरा छाया रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि दिन का तापमान सामान्य से कम रहने के कारण इन क्षेत्रों में अधिक ठंड रह सकती है। अधिकारियों के अनुसार, उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान मौसमी सामान्य के आसपास है, जबकि मैदानी इलाकों में यह सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नववर्ष के दिन बद्रीनाथ और हेमकुंड जैसे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई।

Read More शबरिमला सोना चोरी मामले में केरल सरकार एसआईटी पर दबाव डाल रही: सतीशन

पंजाब और हरियाणा में शनिवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। हालांकि दोनों राज्यों के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में महेंद्रगढ़ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक यानी 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक यानी 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक यानी नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Read More देश में 'व्हाइट-कॉलर टेरेरिज्म' जैसी चिंताजनक प्रवृतियां सामने आ रही हैं: राजनाथ सिंह

पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक यानी 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लुधियाना में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक यानी 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच, राजस्थान के कुछ हिस्सों में ठंड का प्रकोप जारी रहा, जबकि पूर्वी क्षेत्र के कई स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा। आईएमडी ने बताया कि सीकर जिले का फतेहपुर राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर में 4.4 डिग्री सेल्सियस, सिरोही में पांच डिग्री सेल्सियस, लूंकरनसर में 5.6 डिग्री सेल्सियस, करौली में 6.1 डिग्री सेल्सियस और जयपुर में 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में, विशेष रूप से रात और सुबह के शुरुआती घंटों में, ठंड का प्रकोप जारी रहने की संभावना है तथा कोहरे वाले क्षेत्रों में दृश्यता कम रहेगी। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को भी ठंड रही। कई स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे अधिक रहा। राज्य की राजधानी में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक था। बाराबंकी में अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस, हरदोई में 15.2 डिग्री, बरेली में 14.1 डिग्री और मुरादाबाद में 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

संबंधित समाचार