अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला किया; कहा- मादुरो को पकड़कर देश से बाहर ले जाया गया
अमेरिका ने शुक्रवार देर रात को वेनेजुएला पर ‘‘बड़े पैमाने पर हमले’’ किये और कहा कि देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है।
काराकस (वेनेजुएला), भाषा। अमेरिका ने शुक्रवार देर रात को वेनेजुएला पर ‘‘बड़े पैमाने पर हमले’’ किये और कहा कि देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है। मादुरो और उनकी पत्नी को सैन्य अड्डे स्थित उनके घर से रात में पकड़ा गया। उन्हें एक अमेरिकी युद्धपोत पर बैठाकर न्यूयॉर्क ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें आपराधिक आरोपों का सामना करना था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ‘फॉक्स न्यूज’ पर कहा कि अमेरिका अब वेनेजुएला के लिए आगे के कदमों का आकलन कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इसमें पूरी तरह से शामिल रहेंगे। हम इसका जोखिम नहीं उठा सकते कि कोई और कमान संभाले।’’
हमले के लिए विधिक प्राधिकार और क्या ट्रंप ने इससे पहले कांग्रेस से परामर्श किया था- अभी तत्काल स्पष्ट नहीं है। किसी देश के वर्तमान नेता को पद से हटाने की यह चौंकाने वाली, त्वरित अमेरिकी सैन्य कार्रवाई 1990 में पनामा के अमेरिकी आक्रमण की याद दिलाती है। पनामा पर हमले के दौरान उसके नेता मैनुएल एंटोनियो नोरिएगा ने आत्मसमर्पण किया था और उन्हें पकड़ लिया गया था। अमेरिकी सरकार मादुरो को मान्यता नहीं देती थी, जो आखिरी बार शुक्रवार को काराकस में चीनी अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करते हुए सरकारी टेलीविजन पर दिखाई दिए थे।
मादुरो और अन्य वेनेजुएला अधिकारियों को 2020 में "नार्को-आतंकवाद" साजिश के आरोप में अभ्यारोपित किया गया था, लेकिन न्याय विभाग ने शनिवार को मादुरो और उनकी पत्नी, सिलिया फ्लोरेस के खिलाफ एक नया अभियोग जारी किया, जिसमें उन पर नार्को-आतंकवाद साजिश में भूमिका निभाने का आरोप लगाया गया है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने कहा है कि न्यूयॉर्क में अभ्यारोपित होने के बाद वेनेजुएला के अपदस्थ नेता निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को आपराधिक आरोपों का सामना करना पड़ेगा। बोंडी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दंपति को जल्द ही अमेरिकी धरती पर अमेरिकी अदालतों में अमेरिकी न्याय का सामना करना पड़ेगा।’’
ट्रंप ने कहा कि दंपति अमेरिकी युद्धपोत इवो जिमा पर सवार हैं और न्यूयॉर्क की ओर बढ़ रहे हैं। ट्रंप शनिवार सुबह संबोधन देने वाले थे। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मादुरो की आंखों पर पट्टी बांधे और ट्रैकसूट पहने हुए जहाज पर ली गई एक तस्वीर पोस्ट की। इससे पहले विस्फोट की कई आवाजें सुनाई दीं और कम ऊंचाई पर उड़ान भरते विमान राजधानी काराकस के ऊपर से गुजरे। वहीं मादुरो की सरकार ने तत्काल ही अमेरिका पर नागरिक और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने का आरोप लगाया। वेनेजुएला की सरकार ने इसे ‘‘साम्राज्यवादी हमला’’ करार दिया और नागरिकों से सड़कों पर उतरने का आह्वान किया।
यह हमला 30 मिनट से भी कम समय तक चला और इस दौरान कम से कम सात धमाके हुए जिसकी वजह से लोगों को सड़कों पर भागने पर मजबूर होना पड़ा। वहीं, अन्य लोगों ने सोशल मीडिया पर हालात की जानकारी साझा की। वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज ने कहा कि वेनेज़ुएला के कुछ नागरिक और सैन्यकर्मी मारे गए, हालांकि उन्होंने कोई संख्या नहीं बतायी। ट्रंप ने कहा कि वेनेज़ुएला में कुछ अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, लेकिन उनका मानना है कि कोई भी मारा नहीं गया है।
काराकस और एक अज्ञात तटीय शहर से प्राप्त वीडियो में आसमान में रोशनी और धुआं दिखा, जबकि लगातार विस्फोटों से रात के समय आसमान रोशन हो गया था। अन्य फुटेज में शहरी परिदृश्य दिखा, जहां एक हाइवे पर वाहन गुजर रहे हैं और उनके पीछे की पहाड़ियों पर विस्फोट से वहां रोशनी हो रही है। इन वीडियो की पुष्टि एसोसिएटेड प्रेस द्वारा की गई।काराकस के एक सैन्य अड्डे के हैंगर से धुआं उठते देखा गया, जबकि राजधानी के एक अन्य सैन्य प्रतिष्ठान में बिजली गुल थी।

