ईरान: मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर अटकलें तेज
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर बुधवार को उस समय अटकलें तेज हो गईं जब ईरान के राष्ट्रपति के बेटे ने उनके ‘‘घायल होने’’ संबंधी समाचार सुनने की बात कही।
दुबई, भाषा। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर बुधवार को उस समय अटकलें तेज हो गईं जब ईरान के राष्ट्रपति के बेटे ने उनके ‘‘घायल होने’’ संबंधी समाचार सुनने की बात कही। मोजतबा (56) इजराइल और अमेरिका के हमलों में मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे हैं। ईरान में मोजतबा लंबे समय से एक रहस्यमय शख्सियत रहे हैं। उनके पिता एवं पत्नी की 28 फरवरी को इजराइली हवाई हमले में मौत हो गई थी और उसी हमले के बाद युद्ध शुरू हुआ।
इसके बाद से मोजतबा सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं और सोमवार को सर्वोच्च नेता बनने के बाद से उन्होंने कोई बयान भी नहीं दिया है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के बेटे यूसुफ पेजेश्कियन ने टेलीग्राम ऐप पर रात में एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा , ‘‘मैंने मोजतबा के घायल होने की खबरें सुनीं। मैंने उनके संपर्क में रहे मित्रों से इसके बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि ‘अल्लाह का शुक्र है, वह स्वस्थ हैं और कोई समस्या नहीं है’ ।’’

