दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे बाल दिवस पर दिव्यांग बच्चों के लिए रेल यात्रा का आयोजन करेगा
दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) 14 नवंबर को बाल दिवस के उपलक्ष्य में दिव्यांग बच्चों के लिए एक ‘जॉय राइड’ का आयोजन करेगा।
कोलकाता, भाषा। दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) 14 नवंबर को बाल दिवस के उपलक्ष्य में दिव्यांग बच्चों के लिए एक ‘जॉय राइड’ का आयोजन करेगा। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। डीएचआर अधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य रेल यात्रा के आनंद और पहाड़ों के आकर्षण को हर बच्चे तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सिलीगुड़ी से रोंगटोंग तक हेरिटेज रेल यात्रा का आयोजन डीएचआर द्वारा एक गैर सरकारी संगठन के सहयोग से दिव्यांग और दृष्टिबाधित बच्चों के एक समूह के लिए किया जाएगा।
अधिकारी ने यह भी बताया कि महात्मा गांधी के दार्जिलिंग आगमन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘शताब्दी’ मार्च का अंतिम चरण शनिवार को रोंगटोंग से सुकना स्टेशन तक होगा।उन्होंने कहा कि मार्च के बाद, रोंगटोंग के बच्चे हेरिटेज ट्रेन की यात्रा का भी आनंद लेंगे।

