मार्च 2026 तक माओवादियों को खत्म करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं: ओडिशा के डीजीपी
ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई बी खुरानिया ने शनिवार को कहा कि राज्य पुलिस माओवादियों को खत्म करने के लिए 31 मार्च, 2026 की समय सीमा के अनुरूप हरसंभव प्रयास कर रही है।
भुवनेश्वर, भाषा। ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई बी खुरानिया ने शनिवार को कहा कि राज्य पुलिस माओवादियों को खत्म करने के लिए 31 मार्च, 2026 की समय सीमा के अनुरूप हरसंभव प्रयास कर रही है। कंधमाल जिले के फूलबनी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता करने के बाद उन्होंने यह बयान दिया। उन्होंने कहा, "जैसा कि आप जानते हैं, केंद्रीय गृह मंत्री ने देश से माओवादियों को खत्म करने के लिए एक समय सीमा तय की है। हम उस दिशा में काम कर रहे हैं, और आज की बैठक में हमारी प्रगति और अगले कदम की समीक्षा की गई।"
बौध जिले का दौरा करने के बाद, डीजीपी कंधमाल पहुंचे। डीजीपी ने कहा कि माओवाद से निपटने के लिए राज्य सरकार ने गांजा की खेती के खिलाफ कदम उठाए हैं, नक्सल रोधी अभियान तेज़ किए हैं और विकास परियोजनाओं को बढ़ाया है।खुरानिया ने कहा, "हमने बौध, कंधमाल, रायगढ़, मलकानगिरी और कोरापुट में माओवादियों द्वारा अपने समर्थकों के ज़रिए कराई जा रही गांजे की खेती को खत्म करके एक बड़ी सफलता हासिल की है। गांजा तस्करी उनके अभियान के लिए पैसे का मुख्य ज़रिया थी। इसे रोक दिया गया है।"

