कर्नाटक के कारोबारी को ठाणे के होटलों में बंधक बनाकर रखा, बंदूक दिखाकर दो करोड़ रुपये लूटे

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

एसीपी (अपराध) मदन बल्लाल ने कहा कि गिरफ्तारी मीरा भयंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की अपराध शाखा इकाई- एक द्वारा की गई थी।

ठाणे, भाषा। कर्नाटक के एक व्यवसायी की फर्म में निवेश का वादा करके उन्हें महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुलाने और उन्हें कई होटलों में बंधक बनाकर बंदूक दिखाकर दो करोड़ रुपये से अधिक लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 15 से 18 दिसंबर, 2025 के बीच हुई थी और मामले के मुख्य आरोपी, ठाणे के मानपाड़ा निवासी अंकित बापू थोम्ब्रे (40) को छह जनवरी को गिरफ्तार किया गया था।

एसीपी (अपराध) मदन बल्लाल ने कहा कि गिरफ्तारी मीरा भयंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की अपराध शाखा इकाई- एक द्वारा की गई थी। उन्होंने कहा, "पीड़ित की पहचान शामंतकुमार शादक शारप्पा कार्दर (31) के रूप में हुई है, जो कर्नाटक के शिमोगा के एक व्यवसायी हैं। उन्हें 15 दिसंबर, 2025 को एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को अंकित बताया। अंकित ने उनकी कंपनी में निवेश करने में रुचि व्यक्त की।"

एसीपी बल्लाल ने कहा, "उसके प्रस्ताव पर भरोसा करते हुए, शिकायतकर्ता ने ठाणे जिले के काशीमीरा की यात्रा की। हालांकि, आरोपी उन्हें 15 से 18 दिसंबर के बीच तीन अलग-अलग होटलों में ले गया और वहां बंधक बनाकर रखा।"

शिकायत के आधार पर, काशीमीरा पुलिस ने दो जनवरी को थोम्ब्रे और उसके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की, जिसमें हत्या का प्रयास और गलत तरीके से बंधक बनाने के साथ-साथ शस्त्र अधिनियम की धाराएं भी शामिल हैं।

Read More केरल उच्च न्यायालय ने ‘द केरल स्टोरी 2-गोज़ बियॉन्ड’ की रिलीज पर रोक लगाई

संबंधित समाचार