'हरियालो राजस्थान' के तहत 11.61 करोड़ से अधिक पौधारोपण : मुख्यमंत्री शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत राज्य में 11.61 करोड़ से अधिक पौधारोपण किया गया है।
जयपुर, भाषा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत राज्य में 11.61 करोड़ से अधिक पौधारोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पौधारोपण अभियान से राज्य में 'ग्रीन कवर' के साथ ही जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात‘ कार्यक्रम की 127वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री शर्मा ने सवाई मानसिंह स्टेडियम के इंडोर हॉल में ‘मन की बात‘ कार्यक्रम को सुना।
इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरित होकर राज्य सरकार मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान 'हरियालो राजस्थान' चला रही है। इस अभियान में इस वर्ष अब तक 11 करोड़ 61 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं। इन पौधों से प्रदेश में हरित क्षेत्र के साथ ही जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आज का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनना चाहता है। यह सोच बदलाव की पहली सीढ़ी है। अब तक युवा उद्यमियों को 140 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है।
आधिकारिक बयान के अनुसार शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने लगभग दो वर्षों के कार्यकाल में 91 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। वहीं एक लाख 55 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, उद्योग राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, राज्यसभा सदस्य मदन राठौड़ भी मौजूद थे।

