प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के बीच ‘कनेक्टिविटी’ को मजबूत बनाने तथा विकास को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को यहां 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की रेल एवं सड़क परियोजनाओं की शुरुआत की।
मालदा, भाषा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के बीच ‘कनेक्टिविटी’ को मजबूत बनाने तथा विकास को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को यहां 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की रेल एवं सड़क परियोजनाओं की शुरुआत की। मोदी ने इस अवसर पर चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाई, जो न्यू जलपाईगुड़ी को नागरकोइल और तिरुचिरापल्ली तथा अलीपुरद्वार को एसएमवीटी बेंगलुरु और मुंबई (पनवेल) से जोड़ेंगी। प्रधानमंत्री ने मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलने वाली देश की सबसे उन्नत और पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन किया।
पूरी तरह वातानुकूलित स्लीपर ट्रेन से हावड़ा-गुवाहाटी मार्ग पर यात्रा समय लगभग 2.5 घंटे कम होने की उम्मीद है। फिलहाल ट्रेन से हावड़ा से गुवाहाटी जाने में 18 घंटे लगते हैं। मोदी ने उद्घाटन समारोह में कहा, “नयी परियोजनाएं, विशेष रूप से नयी ट्रेन क्षेत्र के युवाओं को सशक्त बनाएंगी।” मोदी ने कहा, “एक समय था जब हम दूसरे देशों में विकास देखते थे और सपना देखते थे कि हमारे देश में भी ऐसी आधुनिक ट्रेन चलें। आज वह सपना साकार हो गया।” उन्होंने कहा, “नयी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के जरिये हावड़ा और गुवाहाटी के बीच मां काली और मां कामाख्या की पवित्र धरती जुड़ेगी। ”
मोदी ने कहा, “भारत केवल परिवहन सुविधाओं को आधुनिक नहीं बना रहा, बल्कि आत्मनिर्भर भी बन रहा है; आज भारत यूरोप और अमेरिका से अधिक रेलवे कोच बना रहा है।” रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “भारत जल्द ही वंदे भारत ट्रेनों का निर्यात करेगा; कोलकाता से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन में बंगाली भोजन और गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में असमिया भोजन परोसा जाएगा।” प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि नयी परियोजनाएं लंबी दूरी की सस्ती और विश्वसनीय रेल ‘कनेक्टिविटी’ को बढ़ावा देंगी।
बयान के अनुसार, “ये सेवाएं आम लोगों, छात्रों, श्रमिकों और व्यापारियों की परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करेंगी, साथ ही अंतर-राज्यीय आर्थिक व सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाएंगी।” बयान में कहा गया है कि इसके अलावा, मोदी ने राज्य में चार प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी, जिनमें बालुरघाट से हिली तक नयी रेल लाइन, न्यू जलपाईगुड़ी में माल ढुलाई संबंधी आधुनिक केंद्र, सिलीगुड़ी लोको शेड का उन्नयन और जलपाईगुड़ी जिले में वंदे भारत ट्रेन रखरखाव इकाई के आधुनिकीकरण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
बयान में कहा गया है, “ये परियोजनाएं यात्री और माल ढुलाई सेवाओं को सशक्त बनाएंगी, उत्तर बंगाल में लॉजिस्टिक दक्षता को सुधारेंगी, और क्षेत्र में रोजगार के अवसर उत्पन्न करेंगी।” बयान में कहा गया है, “ये परियोजनाएं आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण और बेहतर कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जिनसे पूर्वी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों को देश के प्रमुख विकास इंजन के रूप में मजबूत किया जाएगा।” प्रधानमंत्री मोदी इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वी भारत की दो दिवसीय यात्रा के दौरान इन परियोजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं।
मोदी मालदा में एक रैली करने के बाद असम जाएंगे और फिर रविवार को पश्चिम बंगाल लौटेंगे। वह गुवाहाटी में रात्रि विश्राम करेंगे और अगली सुबह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को हुगली जिले के सिंगूर में एक राजनीतिक सभा को संबोधित करेंगे। सिंगूर 2011 में भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन का केंद्र था। उस आंदोलन के बाद ममता बनर्जी सत्ता में आई थीं और राज्य के राजनीतिक परिदृश्य को नया आकार मिला था।

