पटना के दानापुर में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
पटना के शाहपुर थाना क्षेत्र के सरारी स्थित अग्रणीहोम अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 607 में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
बिहार/पटना, मुकेश कुमार। सिटी एसपी पश्चिमी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में दो आरोपियों-अवधेश कुमार वर्मा और अमन कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। मौके से चार देसी पिस्टल,8 एमएम और म7.65 एमए के 58 कारतूस,दो अर्धनिर्मित मैगजीन, हथियार निर्माण में प्रयुक्त लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, हथौड़ी, रेती,पेचकस, कटर समेत कई उपकरण बरामद किए गए हैं।
साथ ही अवधेश के पास से ₹30,500 नकद और दो मोबाइल,जबकि अमन के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया गया। शाहपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार आनंद के नेतृत्व में टीम ने फ्लैट की घेराबंदी कर विधिवत छापेमारी को अंजाम दिया।
पुलिस को संदेह है कि यह ठिकाना काफी समय से अवैध हथियारों के निर्माण व खरीद-बिक्री का केंद्र बना हुआ था। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और अब पुलिस इनके आपराधिक इतिहास के साथ-साथ इस गिरोह के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।

