गुरुग्राम की इमारत से गिरकर मजदूर की मौत; दो ठेकेदारों पर मामला दर्ज

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

गुरुग्राम में एक इमारत की पांचवीं मंजिल से कथित तौर पर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के पुताई करते समय गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

गुरुग्राम, भाषा। गुरुग्राम में एक इमारत की पांचवीं मंजिल से कथित तौर पर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के पुताई करते समय गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि सुशांत लोक पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई और दो ठेकेदारों पर मामला दर्ज किया गया।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कालेसर गांव के मूल निवासीअवधेश निषाद के रूप में की गई, जबकि घायल की पहचान रण विजय के रूप में की गई।निषाद के भाई आकाश द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, घटना मंगलवार को हुई जब उसका भाई रण विजय के साथ सेक्टर 42 में एक इमारत की दीवार पर पुताई करने गया था।

आकाश ने अपनी शिकायत में कहा, "ठेकेदार अतुल ने इमारत की पुताई करने का ठेका लिया था और उसने आगे तवरेज आलम को ठेका दे दिया था। ठेकेदार अतुल और तवरेज आलम ने श्रमिकों को काम के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए, जिससे उनके भाई की मृत्यु हो गई।"

शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों ठेकेदारों पर मामला दर्ज कर लिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच चल रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Read More वाराणसी में जिला एवं सत्र न्यायालय भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली, तलाशी अभियान शुरू

संबंधित समाचार