मदीना में बस दुर्घटना में कई भारतीयों के मारे जाने की आशंका

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

सऊदी अरब के मदीना में रविवार देर रात को हुई भीषण बस दुर्घटना में उमराह करने गए कई भारतीय श्रद्धालुओं के मारे जाने की आशंका है।

नई दिल्ली, भाषा। सऊदी अरब के मदीना में रविवार देर रात को हुई भीषण बस दुर्घटना में उमराह करने गए कई भारतीय श्रद्धालुओं के मारे जाने की आशंका है। इनमें से अधिकतर तेलंगाना से थे।करीब 40 भारतीय बस में यात्रा कर रहे थे। बस देर रात करीब डेढ़ बजे (भारतीय समयानुसार) कथित रूप से तेल के एक टैंकर से टकरा गई थी।जेद्दा स्थित भारतीय मिशन ने बताया कि उसने सहायता समन्वय के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।

रूस की यात्रा पर गए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।उन्होंने कहा, ‘‘रियाद स्थित हमारा दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास इस दुर्घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को पूरी सहायता प्रदान कर रहे हैं।’’

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’जेद्दा स्थित भारतीय मिशन के अनुसार, बस उमराह करने गए भारतीय श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थी।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया।मुख्यमंत्री के कार्यालय ने कहा कि रेड्डी को प्रारंभिक जानकारी मिली कि दुर्घटना श्रद्धालुओं के मक्का से मदीना जाते समय हुई और इसमें हैदराबाद के निवासी भी शामिल थे। इस सूचना के आधार पर उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को पूरी जानकारी प्राप्त करने का निर्देश दिया।

Read More रेबीज़ से पीड़ित गाय के दूध से बने 'पंचामृत' के सेवन के बाद 160 लोगों को लगाया गया टीका

रेड्डी के कार्यालय ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को इस घटना के संबंध में विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास से संपर्क करने तथा तुरंत आवश्यक राहत उपाय करने का निर्देश दिया है।मुख्यमंत्री के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव ने दिल्ली में समन्वय सचिव गौरव उप्पल से तुरंत बात की और आवश्यक निर्देश जारी किए।’’

Read More अमित शाह की निर्धारित समयसीमा से 12 दिन पहले ही मारा गया खूंखार नक्सली हिडमा

कार्यालय ने कहा, ‘‘इस घटना से संबंधित विवरणों और राहत उपायों की निरंतर निगरानी तथा परिवारों एवं रिश्तेदारों को जानकारी प्रदान करने के लिए सचिवालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।’’

Read More छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत ने अपने पद से इस्तीफा दिया

संबंधित समाचार