भारत ने एमएच60आर हेलीकॉप्टर बेड़े के लिए अमेरिका के साथ 7,995 करोड़ रुपये का सौदा किया

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

भारत ने नौसेना के 24 ‘सीहॉक’ हेलीकॉप्टर बेड़े की खातिर पांच वर्ष के लिए सतत समर्थन के उद्देश्य से अमेरिका के साथ 7,995 करोड़ रुपये का सौदा किया है।

नयी दिल्ली, भाषा। भारत ने नौसेना के 24 ‘सीहॉक’ हेलीकॉप्टर बेड़े की खातिर पांच वर्ष के लिए सतत समर्थन के उद्देश्य से अमेरिका के साथ 7,995 करोड़ रुपये का सौदा किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अगस्त में भारतीय वस्तुओं पर कुल 50 प्रतिशत का शुल्क लगाये जाने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव के बीच इस अनुबंध पर हस्ताक्षर किये गए। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने एमएच60आर हेलीकॉप्टर बेड़े के संबंध में अमेरिका के साथ लगभग 7,995 करोड़ रुपये के प्रस्ताव व स्वीकृति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।

लॉकहीड मार्टिन कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित ये हेलीकॉप्टर सभी मौसम में उपयोग में लाये जाते हैं। भारत ने फरवरी 2020 में 24, एमएच60आर की खरीद के लिए अमेरिका के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किये थे। एमएच60आर सीहॉक ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर का समुद्री संस्करण है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सतत समर्थन एक व्यापक पैकेज है जिसमें पुर्जों, सहायक उपकरणों, उत्पाद समर्थन, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता, पुर्जों की मरम्मत आदि प्रावधान शामिल हैं।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘इन सुविधाओं का देश में विकास दीर्घावधि में क्षमता निर्माण सुनिश्चित करेगा और अमेरिकी सरकार पर निर्भरता कम करेगा, जो आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप होगा।’’ मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘इससे एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय) और अन्य भारतीय फर्मों के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों और सेवाओं के विकास को बढ़ावा मिलेगा।’’पहले तीन एमएच60आर हेलीकॉप्टर 2021 में भारत को सौंपे गए थे।

संबंधित समाचार