शादी रद्द होने के बाद एचआईवी संक्रमित व्यक्ति ने महिला को अपने खून की सूई लगा दी
तेलंगाना के हैदराबाद में 24 वर्षीय एक युवक ने एक युवती को एचआईवी संक्रमित रक्त की सूई लगा दी।
हैदराबाद, भाषा। तेलंगाना के हैदराबाद में 24 वर्षीय एक युवक ने एक युवती को एचआईवी संक्रमित रक्त की सूई लगा दी। दोनों की शादी तय हुई थी और युवती (22) के माता-पिता ने युवक के एचआईवी संक्रमित पाए जाने के बाद दोनों की शादी रद्द कर दी थी।पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना 11 मार्च को हुई, जब आरोपी ने युवती के घर में जबरन घुसकर उसे एचआईवी संक्रमित रक्त की सुई लगा दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़िता रिश्तेदार हैं और शुरुआत में युवती के माता-पिता ने अपनी बेटी की शादी उससे तय की थी।आरोपी के माता-पिता पहले से ही एचआईवी संक्रमित थे, इसलिए युवती के अभिभावकों ने पिछले वर्ष सितंबर में युवक की जांच कराई थी। जांच में युवक के एचआईवी संक्रमित पाए जाने के बाद युवती के पिता ने शादी रद्द कर दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने यह सोचकर यह कदम उठाया कि यदि युवती भी संक्रमित हो जाएगी तो वह उससे शादी करेगी और हमेशा उसके साथ रहेगी।युवती के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। पीड़िता को अस्पताल में भर्तीकराया गया है।

