डीएम व एसएसपी ने किया उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश
उत्तर प्रदेश में आयोजित हो रही उपनिरीक्षक उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया है।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद (विपिन कुमार)। उत्तर प्रदेश में आयोजित हो रही उपनिरीक्षक उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सी.एल. जैन डिग्री कॉलेज और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर परीक्षा की सुचिता और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।
लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा घेरा सख्त, सघन तलाशी के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों की सघन तलाशी में कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने सुरक्षा घेरे को अभेद्य बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन की कड़ी मुस्तैदी
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरविंद द्विवेदी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन के इस कड़े रुख से स्पष्ट है कि जनपद में भर्ती परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

