वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज के सफाईकर्मी हड़ताल पर, चरमराई व्यवस्था
मंगलवार को शहर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में सुबह उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कॉलेज के समस्त सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर कामकाज ठप कर दिया।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। मंगलवार को शहर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में सुबह उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कॉलेज के समस्त सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर कामकाज ठप कर दिया। प्रतिमाह मिलने वाले अल्प वेतन से नाराज कर्मचारी सुबह से ही कॉलेज परिसर में धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारी कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें वर्तमान में केवल 6300 रुपये प्रति माह वेतन दिया जा रहा है। आज के महंगाई के दौर में इतनी कम राशि में परिवार का भरण-पोषण करना असंभव हो गया है।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वे लंबे समय से वेतन बढ़ानेकी गुहार लगा रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन मिला है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं हड़ताल के कारण मेडिकल कॉलेज की सफाई व्यवस्था पर बुरा असर पड़ने की आशंका है। यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो यह विरोध अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल जाएगा।
हड़ताल के दौरान कॉलेज में होने वाली किसी भी गंदगी या अव्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन की होगी। सफाई कर्मियों ने कॉलेज प्रशासन से अपील की है कि वे तुरंत उनके प्रतिनिधियों से वार्ता करें और वेतन वृद्धि की समस्या का समाधान निकालें। फिलहाल, कर्मचारियों के काम पर न लौटने के अडिग फैसले ने कॉलेज प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है।

