सहायक अध्यापकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
विकासखण्ड टूंडला के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार से शुरू हो गया,जो 16 मार्च 2026 तक चलेगा।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। विकासखण्ड टूंडला के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार से शुरू हो गया,जो 16 मार्च 2026 तक चलेगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को बेहतर शैक्षिक सहयोग प्रदान करना है।
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनपद में दिव्यांग बच्चों को शैक्षिक सपोर्ट देने के लिए स्पेशल एजुकेटर्स कार्यरत हैं और उनके साथ तालमेल बनाकर सहायक अध्यापक बच्चों को शिक्षा में सहयोग प्रदान करते हैं।प्रथम दिवस पर समेकित शिक्षा, निःशक्तजन अधिकार अधिनियम 2016 तथा विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं की पहचान के बारे में जानकारी दी गई।
साथ ही यह भी बताया गया कि दिव्यांग बच्चों को किस प्रकार शैक्षिक सहायता प्रदान की जाए।प्रतिभागियों की वर्तमान ज्ञान स्तर को समझने के लिए प्री-ट्रेनिंग टेस्ट भी कराया गया। प्रशिक्षण में स्पेशल एजुकेटर्स संजीव कुमार सिंह और सच्चिदानंद श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण दिया।इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ज्योति पाठक भी मौजूद रहीं। उन्होंने प्रशिक्षण का अवलोकन कर इसकी सराहना की और सहायक अध्यापकों से कहा कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग दिव्यांग बच्चों के शिक्षण में करें।

