नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 21 दुकानों पर सीलिंग, 24 लाख की वसूली
नगर निगम द्वारा 70 करोड़ रुपये वसूली लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नगर आयुक्त प्रशांत नागर के निर्देश पर रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। नगर निगम द्वारा 70 करोड़ रुपये वसूली लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नगर आयुक्त प्रशांत नागर के निर्देश पर रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नगर निगम टीम ने सुहाग नगर, नेहरू नगर, उर्दू नगर और कमरक वाली बगिया क्षेत्रों में 10 भवन स्वामियों के विरुद्ध कुर्की/सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित की थी। कार्रवाई से पहले ही सुहाग नगर के चार भवन स्वामियों ने पूर्ण या आंशिक भुगतान कर दिया, जिससे उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई टल गई।
वहीं उर्दू नगर और कमरक वाली बगिया में 21 दुकानों को सील किया गया, जिनमें एक शराब की दुकान भी शामिल है। नगर निगम के अनुसार जिन दुकानदारों द्वारा पूर्ण या आंशिक भुगतान कर दिया गया है, उनकी दुकानों की सील खोल दी गई है।नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान आज कुल 24 लाख रुपये की राजस्व वसूली हुई,
जबकि अब तक की कुल वसूली 33 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।नगर निगम ने सभी बकायेदारों से अपील की है कि वे अनावश्यक ब्याज, कुर्की और नीलामी की कार्रवाई से बचने के लिए निर्धारित समय से पहले अपना गृहकर व जलकर जमा कर नगर के विकास में सहयोग करें।

