सामौर बाबा महोत्सव में सजा भव्य काव्य दरबार, राष्ट्रवाद और हास्य से गूंजा धाम
सिरसागंज के ग्राम करहरा स्थित प्रसिद्ध सामौर बाबा धाम पर चल रहे सात दिवसीय सामौर बाबा महोत्सव के अंतर्गत रविवार रात को भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। सिरसागंज के ग्राम करहरा स्थित प्रसिद्ध सामौर बाबा धाम पर चल रहे सात दिवसीय सामौर बाबा महोत्सव के अंतर्गत रविवार रात को भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में देशभक्ति, राष्ट्रवाद, सामाजिक सरोकारों और हास्य-व्यंग्य से सजी रचनाओं ने देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। मंच से कभी देशभक्ति का जोश गूंजा तो कभी हास्य की फुहारों से पूरा परिसर ठहाकों से गूंज उठा।
मंच पर गूंजे हास्य और वीर रस
कवि सम्मेलन में पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध हास्य कवि सुनील जोगी ने अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। पद्मिनी शर्मा ने मां सरस्वती के मधुर भजन से समा बांध दिया। वहीं वीर रस के प्रख्यात कवि राम भदावर ने अपने ओजपूर्ण काव्य पाठ से राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया। वीर रस के प्रख्यात कवि राम भदावर ने अपनी ओजपूर्ण कविताएं सुनाई ।
इसके अलावा गौरव चौहान ने फाइनल मैच का जिक्र करते हुए देशभक्ति से ओतप्रोत पंक्तियां सुनाईं। उन्होंने कहा- “ये जज्बा जंग लड़ने का रुक नहीं सकता, कुर्बानियों का काफिला कभी थम नहीं सकता। पाकिस्तान, न्यूजीलैंड या हो ऑस्ट्रेलिया, जब तक जिस्म में जान है तिरंगा झुक नहीं सकता।” वहीं योगिता चौहान ने हास्य की फुहार बिखेरते हुए पुलिस पर चुटकुला सुनाया। मुकेश मणिकांचन ने अपनी कविता में रंगों और खुशियों का संदेश दिया तो वहीं हेमंत पांडे ने चुटकुला सुनाकर श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।
उन्होंने कहा-“मोदी जी ने पूरे देश में सफाई अभियान चला रखा है। हमारे कानपुर में तो विधायक जी ने एक पौधा लगाया, उसे बकरे ने खा लिया और शाम को विधायक जी ने बकरे को ही खा लिया।” कवियों ने काव्य पाठ के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह द्वारा सामौर बाबा धाम के विकास और महोत्सव के भव्य आयोजन की सराहना भी की। उनका कहना था कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा मिलती है।
सिंगापुर जैसा बना गांव
असीम अरुण - उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने रविवार को ग्राम करहरा स्थित सामौर बाबा धाम पर आयोजित सात दिवसीय सामौर बाबा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव भी विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि सिरसागंज से निकल रही यह तस्वीर उसी विकसित गांव की झलक दिखा रही है, जो पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन रही है।
उन्होंने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समौर बाबा की इस पावन धरती को नई पहचान दी है और गांव को सिंगापुर जैसा विकसित करने का कार्य किया है। यहां नाव, कैंटीन, आकर्षक लाइटिंग और सौंदर्यीकरण के जरिए पूरे परिसर को अद्भुत रूप दिया गया है। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक फिरोजाबाद के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भजन संध्या में कन्हैया मित्तल की प्रस्तुति से गूंजेगा धाम
इसी क्रम में महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों के तहत मंगलवार को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल अपनी प्रस्तुति देंगे। उनके भजनों से सामौर बाबा धाम एक बार फिर भक्तिमय माहौल में सराबोर होगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

