गैंगस्टर दौजीराम की 4.10 लाख की कार कुर्क, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने गैंगलीडर दौजीराम की 4.10 लाख रुपये कीमत की रेनोल्ट ट्राइबर कार कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने गैंगलीडर दौजीराम की 4.10 लाख रुपये कीमत की रेनोल्ट ट्राइबर कार कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की। आरोपी पर जुआ-सट्टा से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में गैंगस्टर एक्ट के तहत आदतन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना मटसेना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने गैंगलीडर दौजीराम पुत्र शिवचरन निवासी दतौजीखुर्द, थाना लाइनपार की चल संपत्ति को कुर्क करते हुए चार पहिया वाहन रेनोल्ट ट्राइबर (यूपी-83 बीबी-4707) को जब्त कर लिया।
वाहन की बाजार कीमत करीब 4 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार दौजीराम के खिलाफ थाना लाइनपार में पंजीकृत गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने जुआ-सट्टा जैसे आपराधिक कार्यों से अवैध धन अर्जित कर संपत्ति बनाई थी।
बताया गया कि आरोपी पर जनपद के विभिन्न थानों में जुआ-सट्टा और अन्य मामलों के करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और आदतन अपराधियों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

