संपूर्ण समाधान दिवस में आई 78 शिकायतों में से 11 का मौके पर हुआ निस्तारण 

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए तहसील टूंडला में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

नेशनल एक्स्प्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए तहसील टूंडला में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी रमेश रंजन ने की।इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित,मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

समाधान दिवस में टूंडला व आसपास के क्षेत्रों से आए नागरिकों ने राजस्व, कानून व्यवस्था,बिजली, राशन कार्ड और नगर पालिका से संबंधित समस्याएं रखीं।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।पीड़ित रामपूर्ति ने राशन कार्ड में नाम दर्ज न होने की शिकायत की,जिस पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी व पूर्ति निरीक्षक को तुरंत नाम दर्ज कराने के निर्देश दिए। 

वहीं अलीपुर निवासी एवज सिंह ने भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की,जिस पर नायब तहसीलदार को पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया। एम.पी. सिंह की दाखिल-खारिज आदेश के अनुपालन न होने की शिकायत की जांच उप जिलाधिकारी को सौंपी गई।नेपाल सिंह की गलत बिजली बिल की शिकायत पर एक्सईएन हाइडल को बिल संशोधित करने के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं,जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया,जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों का समाधान कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर होना चाहिए। इस दौरान परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी,सीएमओ राम बदन राम,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Read More होली पर्व को लेकर पुलिस ने किया पैदल मार्च, दहन स्थलों का किया निरीक्षण 

संबंधित समाचार