टूंडला टोल पर ‘पुलिस कार्ड’ दिखाकर निकलने की कोशिश, फोटो मेल न खाने पर रोकी कार
टूंडला टोल प्लाजा पर एक युवक द्वारा कथित पुलिस पहचान पत्र दिखाकर टोल टैक्स से बचने की कोशिश करने का मामला सामने आया।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद (रामपाल चौधरी)। टूंडला टोल प्लाजा पर एक युवक द्वारा कथित पुलिस पहचान पत्र दिखाकर टोल टैक्स से बचने की कोशिश करने का मामला सामने आया। टोल कर्मचारियों को कार्ड संदिग्ध लगा तो कार रोक दी गई, जिससे कुछ देर हंगामा भी हुआ।शनिवार सुबह टूंडला टोल प्लाजा पर उस समय हलचल मच गई जब मैनपुरी नंबर की एक कार में सवार युवक ने कथित पुलिस पहचान पत्र दिखाकर टोल टैक्स दिए बिना निकलने की कोशिश की।
टोल कर्मचारियों को कार्ड संदिग्ध लगा तो उन्होंने वाहन को रोककर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान कर्मचारियों ने देखा कि पहचान पत्र पर लगी तस्वीर कार में बैठे युवक से मेल नहीं खा रही थी। इस पर टोल कर्मियों ने कार को आगे बढ़ने से रोक दिया। वाहन रोके जाने पर युवक नाराज हो गया और कर्मचारियों से बहस करते हुए हंगामा करने लगा। स्थिति बिगड़ती देख टोल कर्मचारियों ने तुरंत डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। टोल मैनेजर किरण कुमार के अनुसार युवक द्वारा दिखाया गया पुलिस पहचान पत्र प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रहा था, क्योंकि उस पर लगी फोटो किसी अन्य व्यक्ति की थी। बाद में युवक ने बताया कि वह कार्ड उसके भाई का है और उससे गलती हो गई। युवक के आश्वासन के बाद मामला शांत हो गया, हालांकि पूरे प्रकरण को लेकर पुलिस द्वारा जांच की बात कही गई है।

