आलू भरे ट्रेक्टर ट्राले में ट्रक ने मारी टक्कर, लगातार 6 वाहन हादसे का शिकार
गुरुवार देर रात ऑर्डिनेंस फैक्ट्री हजरतपुर के सामने हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।ट्रैक्टर और ट्रक की टक्कर के बाद देखते ही देखते छह वाहन आपस में भिड़ गए।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। गुरुवार देर रात ऑर्डिनेंस फैक्ट्री हजरतपुर के सामने हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।ट्रैक्टर और ट्रक की टक्कर के बाद देखते ही देखते छह वाहन आपस में भिड़ गए।हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दो लोग घायल हो गए,जिन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:40 बजे एक सोनालिका ट्रैक्टर आलू से भरी ट्रॉली लेकर जा रहा था।तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रॉली में भरे आलू करीब 50 मीटर तक सड़क पर फैल गए।इस टक्कर के बाद पीछे आ रहे वाहनों ने अचानक ब्रेक लगाए,जिससे चार अन्य वाहन भी आपस में टकरा गए।
इसी दौरान एक ट्रक और रोडवेज बस ने दुर्घटना देखकर अपने वाहन रोक दिए। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने इन दोनों वाहनों को भी जोरदार टक्कर मार दी।हादसे के दौरान ओवरटेकिंग लेन में चल रही एक ब्रेजा कार भी ट्रक की चपेट में आ गई और डिवाइडर की रेलिंग के बीच फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
वहीं,ट्रैक्टर चालक अब्दुल वाहिद पुत्र नन्नू और ट्रैक्टर पर सवार गौरी प्रसाद पुत्र नारायणदास निवासी चौडेरा,थाना बहेड़ी,जनपद बरेली घायल हो गए।दोनों को एम्बुलेंस 1033 की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।पुलिस ने सड़क पर फैले आलू और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।पुलिस के अनुसार हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।दुर्घटना के कारणों की जांच की जारही है।

