खैरगढ़ क्षेत्र के नगला हिम्मत प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कई स्कूलों में हालात अभी भी चिंताजनक नजर आ रहे हैं।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कई स्कूलों में हालात अभी भी चिंताजनक नजर आ रहे हैं। ऐसा ही मामला थाना खैरगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत नगला हिम्मत स्थित प्राथमिक विद्यालय का सामने आया है।जानकारी के अनुसार विद्यालय में लगभग 50 बच्चों का पंजीकरण है, लेकिन दोपहर करीब 12:30 बजे मात्र 8 बच्चे ही स्कूल में उपस्थित मिले।
बाकी बच्चे स्कूल क्यों नहीं आ रहे हैं, इस बारे में विद्यालय स्टाफ की ओर से कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिल सका।मौके पर देखा गया कि कई बच्चे कक्षा में पढ़ाई करने के बजाय स्कूल परिसर में बाहर खेलते नजर आए। इससे विद्यालय की पढ़ाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अध्यापिकाओं और प्रधानाध्यापक सीताराम का बच्चों की पढ़ाई की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं है, जिससे बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
गौरतलब है कि प्रदेश में इस समय ग्रीष्मकालीन समय के अनुसार स्कूल सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संचालित होने चाहिए। इसके बावजूद विद्यालय में बच्चों की कम उपस्थिति और पढ़ाई का अभाव चिंता का विषय बना हुआ है।इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नेटवर्क से बाहर बताया गया।
वहीं गांव नगला हिम्मत की प्रधान रीना देवी ने बताया कि शिक्षकों को कई बार समझाया जा चुका है, लेकिन उनकी कार्यशैली में सुधार नहीं हो रहा है।अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन इस मामले में जांच कर कार्रवाई करेगा या फिर शिक्षा व्यवस्था के साथ ऐसा ही खिलवाड़ चलता रहेगा, यह आने वाला समय ही बताएगा

