ईरान आत्मसमर्पण करने वाला है: ट्रंप ने जी-7 नेताओं से कहा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 नेताओं से कहा है कि ईरान "आत्मसमर्पण करने वाला है" और उन्होंने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ में सफलता का दावा किया है।
वाशिंगटन, भाषा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 नेताओं से कहा है कि ईरान "आत्मसमर्पण करने वाला है" और उन्होंने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ में सफलता का दावा किया है। मीडिया की एक खबर से यह जानकारी मिली।‘एक्सियोस’ की खबर के अनुसार, ईरान के साथ युद्ध के आर्थिक नतीजों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच, ट्रंप ने बुधवार को जी-7 नेताओं के साथ डिजिटल माध्यम से बैठक के दौरान यह दावा किया।
ट्रंप ने नेताओं से कहा, "मैंने एक ऐसे कैंसर से छुटकारा दिलाया है जो हम सभी के लिए खतरा था।" जी-7 के नेताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से युद्ध को शीघ्र समाप्त करने का आग्रह किया।खबर में दो अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि फोन पर हुई बातचीत के दौरान जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्रंप से आग्रह किया कि वह रूस को युद्ध का फायदा उठाने या प्रतिबंधों में राहत प्राप्त करने की अनुमति न दें।
यूरोपीय नेताओं द्वारा व्यक्त की गई चिंताओं के बावजूद, बृहस्पतिवार को अमेरिका ने अन्य देशों को रूसी तेल को खरीदने के लिए अस्थायी रूप से अनुमति देने की घोषणा की।अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि अमेरिका "ईरानी कट्टरपंथी शासन की सेना को तबाह कर रहा है" और इस्लामिक गणराज्य के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई घायल हो गए हैं।

