उत्तर प्रदेश के बलिया में महिला से बलात्कार के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय महिला से बलात्कार के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बलिया (उप्र), भाषा। बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय महिला से बलात्कार के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 36 वर्षीय पंकज ठाकुर के रूप में की गई है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के हवाले से बताया कि बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली विवाहित महिला नौ मार्च की शाम को शौच करने के लिए खेत गई थी जहां उसी के गांव के रहने वाले ठाकुर ने उससे कथित रूप से बलात्कार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला को कथित रूप से धमकी दी कि यदि उसने घटना की शिकायत की तो वह अपने दोस्तों को बुलाएगा और वे भी उसका यौन उत्पीड़न करेंगे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी 10 मार्च को महिला के घर गया और उसने उसके ससुर को भी कथित तौर पर धमकी दी कि अगर परिवार ने पुलिस से संपर्क किया तो वह उन्हें गोली मार देगा। बैरिया क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

